रेलवे पेंशनर्स की ऑनलाइन मानार्थ पास व्यवस्था का विरोध, आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करने की मांग
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, शाखा छपरा की मासिक बैठक रविवार को भगवान बाजार स्थित पराशर कॉम्प्लेक्स में भारतीय स्टेट बैंक के ग्राउंड फ्लोर पर शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में रेलवे पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए केंद्र सरकार से कई महत्वपूर्ण मांगें उठाई गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह ने रेलवे पेंशनर्स को मिलने वाले मानार्थ रेल पास की मैनुअल व्यवस्था को पूर्ववत जारी रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकांश पेंशनर्स एचआरएमएस (HRMS) के माध्यम से ऑनलाइन मानार्थ पास प्राप्त करने में सक्षम नहीं हैं, जिसके कारण उन्हें अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से ऑनलाइन व्यवस्था की अनिवार्यता समाप्त कर मैनुअल व्यवस्था बहाल करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
बैठक में सुरेंद्र सिंह ने आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द जारी करने, अंतरिम राहत की घोषणा करने, लंबित महंगाई भत्ते का भुगतान करने तथा उम्मीद कार्ड के माध्यम से कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। वहीं रामानंद महतो ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पेंशनर्स को क्रमशः 5, 10 और 15 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन वृद्धि देने की मांग दोहराई। उन्होंने सीजीएचएस और आरएचएलएस की स्वास्थ्य सुविधाओं में समानता लाने तथा उम्मीद कार्ड के माध्यम से देशभर में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की।
बैठक को पी.के. मांझी, राजकुमार श्रीवास्तव, सुधीर कुमार श्रीवास्तव और विभय कुमार सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शाखा के कोषाध्यक्ष पी.के. मांझी ने जुलाई माह में जन्मदिन मनाने वाले सदस्यों को बर्थडे कार्ड और मिठाई देकर सम्मानित किया। अंत में शाखा अध्यक्ष विश्व मोहन सिंह के समापन संबोधन के साथ बैठक संपन्न हुई।
रेलवे पेंशनर्स, पूर्वोत्तर रेलवे पेंशनर्स एसोसिएशन, छपरा रेलवे पेंशनर्स, मानार्थ रेल पास, HRMS ऑनलाइन पास, आठवां वेतन आयोग, पेंशनर्स की मांग, उम्मीद कार्ड, कैशलेस चिकित्सा सुविधा

