मांझी में आस्था का महासंगम, परमहंस दयाल समाधि पदयात्रा में उमड़े हजारों श्रद्धालु
नंदपुर से दहियावां तक निकली भव्य परमहंस दयाल समाधि पदयात्रा, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह सहित देशभर से पहुंचे श्रद्धालु, भजन-कीर्तन से भक्तिमय हुआ पूरा मार्ग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड के नंदपुर स्थित ब्रह्म विद्यालय आश्रम से छपरा के दहियावां आश्रम तक गुरुवार की सुबह निकली परमहंस दयाल समाधि पदयात्रा में देशभर से आए हजारों महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ निकली इस पदयात्रा का नेतृत्व श्री श्री 1008 परमहंस दयाल स्वामी जी महाराज के पंचम पादशाही स्वामी सत्यानंद जी महाराज ने किया। पदयात्रा में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दयाशंकर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग भी शामिल हुए।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्री 1008 स्वामी परमहंस दयाल जी महाराज की जयंती के अवसर पर उनके ननिहाल मांझी के नंदपुर स्थित आश्रम से छपरा के दहियावां आश्रम तक विशाल पदयात्रा निकाली गई। यह धार्मिक परंपरा वर्षों से श्रद्धापूर्वक निभाई जा रही है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में अनुयायी शामिल होते हैं।
पदयात्रा के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संचालन के लिए स्थानीय प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मांझी थाना पुलिस के साथ-साथ छपरा पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती विभिन्न स्थानों पर की गई थी, जिससे यात्रा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई।
पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा गाए जा रहे भजन-कीर्तन और जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नंदपुर स्थित ब्रह्म विद्यालय आश्रम परिसर में बाहर से आए श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वाटरप्रूफ पंडाल, भोजन और पेयजल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। बुधवार की रात आश्रम परिसर में भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गुरुवार सुबह नंदपुर से शुरू हुई पदयात्रा माड़ीपुर, मरहा और कोपा होते हुए दहियावां आश्रम की ओर बढ़ी। रास्ते में विभिन्न गांवों के लोगों ने श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया तथा जगह-जगह प्याऊ, शर्बत और पेयजल की व्यवस्था कर सेवा भाव का परिचय दिया। हजारों श्रद्धालुओं के जयकारों से पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा के वातावरण से गूंज उठा।
Paramhans Dayal Samadhi Padyatra, Nandpur Ashram, Dahiavan Ashram, Manjhi News, Saran Religious News, Swami Satyanand Ji Maharaj, Dayashankar Singh, Brahma Vidyalaya Ashram, Chapra News

