अभाविप स्थापना दिवस पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन, सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सारण (बिहार): अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में अभाविप रिविलगंज नगर इकाई के तत्वावधान में डॉ. पी. एन. सिंह डिग्री कॉलेज, रिविलगंज में सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेकानन्द तिवारी ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में ज्ञानवर्धन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करती हैं। उन्होंने विद्यार्थी परिषद के इस रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
अभाविप छपरा विभाग के विभाग संयोजक सचिन चौरसिया ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद स्थापना काल से ही छात्रहित एवं राष्ट्रहित के विभिन्न आयामों पर कार्य करती रही है। परिषद समय-समय पर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और बौद्धिक विकास के लिए विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करती है।
कार्यक्रम में सीनेट सदस्य नवलेश सिंह, जयप्रकाश विश्वविद्यालय छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष रजनीकांत सिंह, आलोक कुमार, विभाग छात्रा प्रमुख अदिति सिंह, साक्षी सिंह, सिया सिंह तथा सुमन कुमारी शर्मा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के विजेताओं को 12 जुलाई को डॉ. पी. एन. सिंह डिग्री कॉलेज, रिविलगंज में आयोजित सम्मान समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

