मांझी: सड़क हादसे के पीड़ित परिवार से मिले सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के कौरु धौरु पंचायत में 19 जून को सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले युवक मुकेश साह के परिजनों से मंगलवार को महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। सांसद ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि 19 जून को स्वर्गीय राम प्रसाद साह के पुत्र मुकेश साह छिड़काव करने वाली मशीन लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कौरु धौरु स्थित ब्रह्म बाबा स्थान के समीप एक अज्ञात टेम्पो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी थी, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। बाद में प्रशासन के समझाने-बुझाने पर यातायात बहाल कराया गया था।
मृतक के आवास पर पहुंचे सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने कहा कि सरकार द्वारा मिलने वाली सभी आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार तक पहुंचाने के लिए वे स्वयं पहल करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि मृतक के दोनों बच्चों को 18 वर्ष की आयु तक प्रति माह चार-चार हजार रुपये की सहायता दिलाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, छपरा से बात करेंगे।
सांसद ने बताया कि सड़क जाम के मामले में पुलिस द्वारा 23 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिनमें से 19 लोगों ने न्यायालय से जमानत प्राप्त कर ली है और शेष भी जल्द कानूनी प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सारण रेंज के डीआईजी को भी जानकारी दी गई है।
वहीं, मृतक के भाई दिनेश साह के आवेदन पर अज्ञात टेम्पो चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित रहे।
Manjhi News, Mukesh Sah Accident, Janardan Singh Sigriwal, Saran News, Road Accident Manjhi, Bihar News, Kauru Dhauru Panchayat

