बच्चों और युवाओं ने संभाली स्वच्छता की जिम्मेदारी, सड़क और नालियों की की सफाई
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिसवन प्रखंड के ग्यासपुर पंचायत अंतर्गत नवका टोला गांव में स्वच्छता को लेकर बच्चों और ग्रामीण युवाओं ने सराहनीय पहल करते हुए सड़क एवं नालियों की साफ-सफाई की। गांव में लंबे समय से नियमित सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़े के ढेर जमा हो गए थे और नालियां गंदगी से पट गई थीं, जिससे दुर्गंध फैलने के साथ मच्छरों एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया था।
गांव निवासी संजीव कुमार ने बताया कि मोहल्ले में नियमित सफाई नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार संबंधित कर्मचारियों को मौखिक रूप से जानकारी दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसके बाद बच्चों और ग्रामीणों ने स्वयं आगे बढ़कर सफाई अभियान चलाने का निर्णय लिया।
इस अभियान में जीतू सिंह, बीरबल सिंह, अंकित कुमार सिंह, धीरज कुमार सिंह, सोनू कुमार सिंह, आत्मा सिंह, सुमित सिंह, शिवम सिंह, जितेंद्र कुमार और सन्नी साह सहित कई ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जनभागीदारी आवश्यक है, वहीं पंचायत एवं संबंधित विभाग से गांव में नियमित साफ-सफाई कराने की भी मांग की।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि प्रशासन भी इस ओर गंभीरता दिखाएगा, ताकि गांव में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण कायम रह सके।
Siswan News, Gyaspur Panchayat, Navka Tola, Cleanliness Drive, Swachh Bharat, Siwan News, Rural Cleanliness, Bihar News

