628वें सद्गुरु कबीर जयंती समारोह का समापन, 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
सारण (बिहार): अखिल भारतीय कबीर विचार मंच के तत्वावधान में मानव मोक्ष संस्थान भगवान धाम कबीर आश्रम, साधु गाछी में आयोजित 628वें सद्गुरु कबीर जयंती समारोह सह भंडारा का मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हो गया। दो दिवसीय यह धार्मिक आयोजन 29 एवं 30 जून को संपन्न हुआ, जिसमें बिहार के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु, संत-महात्मा और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
समापन सत्र को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर देवेंद्र दास जी महाराज ने संत कबीर की अमर वाणी "जाति न पूछो साधु की, पूछ लीजिए ज्ञान" का उल्लेख करते हुए कहा कि कबीर साहेब का संदेश आज भी समाज में समरसता, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है। वहीं महंत ब्रजेश दास जी महाराज ने सामाजिक एकता और मानव सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कबीर के विचारों को वर्तमान समय में अत्यंत प्रासंगिक बताया।
आयोजन में सारण, सिवान, गोपालगंज और पटना सहित विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में कबीरपंथी श्रद्धालु एवं संत-महात्मा शामिल हुए। संयोजक महंत दयानन्द गोस्वामी तथा आचार्य महंत अमोघ दास जी ने बताया कि दोनों दिनों तक चले विशाल भंडारे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं ने भी आयोजन को भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।
Kabir Jayanti Sonpur, Kabir Ashram Sadhu Gachhi, Kabir Samagam Saran, Sonpur News, Kabir Panthi, Mahant Devendra Das, Bihar Religious News, Kabir Bhandara

