मुख्य गवाह पंकज राय हत्याकांड पर गरमाई सियासत, पप्पू यादव ने प्रशासन पर साधा निशाना
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: छपरा शहर के चर्चित अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के मुख्य गवाह पंकज राय की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मामला अब राजनीतिक रंग भी पकड़ने लगा है। मंगलवार की शाम पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव मृतक के आवास पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
परिजनों से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा कि पंकज राय की हत्या बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति और प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिवक्ता पिता-पुत्र हत्याकांड के बाद पंकज राय ने कई बार जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखित आवेदन देकर अपनी जान को खतरा होने की जानकारी दी थी तथा सुरक्षा की मांग की थी। इसके बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
सांसद ने कहा कि पंकज राय पर पहले भी जानलेवा हमले के प्रयास हुए थे, लेकिन उन घटनाओं को भी गंभीरता से नहीं लिया गया। उनका आरोप था कि मुख्य गवाह को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाकर महत्वपूर्ण मुकदमे को कमजोर करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराई गई होती तो इस घटना को टाला जा सकता था।
पप्पू यादव ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं और आम लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने सरकार को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल बताते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए और कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि रविवार देर रात अपराधियों ने पंकज राय और उनके छोटे भाई मनीष राय पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी। इस हमले में पंकज राय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष राय का पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे जिले में आक्रोश का माहौल है। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पप्पू यादव ने भी प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर कार्रवाई कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
Pankaj Rai Murder Case, Pappu Yadav Chhapra, Chhapra Crime News, Bihar Law and Order, Witness Murder Bihar, Saran News, Advocate Father Son Murder Case, Bihar Politics

