मांझी में नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला, चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी पंचायत में एक नाबालिग किशोरी से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पीड़िता के फर्दबयान के आधार पर मांझी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर छह युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया। पीड़िता द्वारा पहचान किए जाने के बाद चार युवकों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो युवकों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डुमरी गांव निवासी अरबाज खान, वारिस खान, कृष्ण कुमार एवं रवि कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
प्राथमिकी में आरोप है कि रविवार की शाम खेत में अकेली मौजूद नाबालिग के साथ तीन आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया, जबकि चौथे आरोपी पर घटना का वीडियो बनाने और उसे प्रसारित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है। इन आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार तथा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-2) राज कुमार देर रात मांझी पहुंचे और मामले की समीक्षा की। अधिकारियों ने पीड़िता तथा अन्य संबंधित पक्षों से जानकारी लेकर निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।
पुलिस ने पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों का भी मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले में वैज्ञानिक एवं विधिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
घटना के बाद थाना परिसर के बाहर दोनों पक्षों के परिजन एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में जुट गए थे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित किया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
मांझी समाचार, सारण अपराध समाचार, मांझी थाना, नाबालिग से कथित सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार, सारण पुलिस, डुमरी पंचायत, बिहार क्राइम न्यूज़, Manjhi Crime News, Saran Police News

