निक्षय मित्र बन निभा रही सामाजिक जिम्मेदारी, ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने टीबी मरीजों को बांटी पोषण पोटली व पौधे
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सारण जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से गति देने की दिशा में सामाजिक संस्थाओं की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है। इसी कड़ी में ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति ने निक्षय मित्र के रूप में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए गोद लिए गए टीबी मरीजों के बीच पोषण पोटली का वितरण किया। संस्था ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए प्रत्येक लाभार्थी को एक-एक पौधा भी भेंट किया। यह कार्यक्रम शहर के साधनापुरी स्थित संस्था के कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया।
सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव की पहल पर हाल ही में एक ही दिन में 200 निक्षय मित्र बनाए जाने के बाद जिले में टीबी उन्मूलन अभियान को नई गति मिली है। इसी अभियान के तहत ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति कई वर्षों से टीबी मरीजों को गोद लेकर उनके पोषण, उपचार और मनोबल को मजबूत करने का कार्य कर रही है। संस्था की संस्थापिका सह सचिव डॉ. अंजू सिंह के नेतृत्व में नियमित रूप से मरीजों को पोषण पोटली उपलब्ध कराई जाती है और उन्हें समय पर उपचार जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाता है।
डॉ. अंजू सिंह ने बताया कि संस्था छपरा नगर निगम, सदर प्रखंड और एकमा के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के गोद लिए गए टीबी मरीजों को लगातार पोषण सामग्री उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि उपचार के दौरान पौष्टिक आहार और सामाजिक सहयोग मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने जिन टीबी मरीजों का अब तक राशन कार्ड नहीं बना है, उनका राशन कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाने का आश्वासन दिया है। इससे पात्र मरीजों को सरकारी खाद्यान्न योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
उन्होंने समाज के सक्षम लोगों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में निक्षय मित्र बनने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को शीघ्र साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान डॉ. एम.पी. सिंह, डॉ. नीला सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी, मणि शाही, प्रीति शाही सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सारण टीबी अभियान, निक्षय मित्र, ठाकुर बाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, डॉ अंजू सिंह, पोषण पोटली वितरण, टीबी मुक्त भारत, छपरा समाचार, वैभव श्रीवास्तव, टीबी मरीज सहायता

