मांझी में दिनदहाड़े 5 हजार रुपये की लूट, बैंक से पैसे निकालकर लौट रहे बुजुर्ग को बदमाशों ने बनाया निशाना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े लूट की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। महम्मदपुर-झूखुरिया माई मुख्य मार्ग पर सिंगही मोड़ के समीप बाइक सवार तीन बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर साइकिल से घर लौट रहे 62 वर्षीय व्यक्ति से 5 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित की पहचान मांझी थाना क्षेत्र के सिंगही मठिया गांव निवासी 62 वर्षीय कृष्णा महतो के रूप में हुई है। बताया गया कि कृष्णा महतो महम्मदपुर स्थित एसबीआई बैंक से रुपये निकालने के बाद साइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। आरोप है कि बैंक के समीप से ही बिना नंबर प्लेट की शाइन एसपी मॉडल बाइक पर सवार तीन बदमाश उनका पीछा कर रहे थे। महम्मदपुर और सिंगही गांव के बीच चंवर के सुनसान इलाके में बदमाशों ने मौका पाकर उन्हें रोक लिया और उनके पास मौजूद 5 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर तीनों बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। फुटेज में बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद उसी रास्ते से वापस लौटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों की पहचान और उनकी आवाजाही के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।
मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी पुलिस को मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा दिनदहाड़े हुई लूट की घटना में शामिल बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
मांझी लूट कांड, मांझी थाना लूट, सिंगही मोड़ लूट, महम्मदपुर एसबीआई बैंक, दिनदहाड़े लूट, सारण क्राइम न्यूज, कृष्णा महतो लूट, मांझी अपराध
#मांझी #सारण #लूट #क्राइम_न्यूज #मांझीथाना #सिंगही #महम्मदपुर #बिहारक्राइम #सारणन्यूज #जगतदर्शनन्यूज

