BSF कैंप में फायरिंग में मृत मांझी के हवलदार अजय कुमार सिंह का शव पहुंचा गांव, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: पश्चिम बंगाल के मालदा स्थित बीएसएफ कैंप में क्वार्टर गार्ड की सजा से नाराज एक जवान द्वारा अपने तीन सहकर्मी जवानों पर गोली चलाने की घटना में मांझी नगर पंचायत के उत्तर टोला निवासी बीएसएफ हवलदार अजय कुमार सिंह (51) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया कि इस गोलीबारी में दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक अजय कुमार सिंह चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दूसरे भाई अभय सिंह आईटीबीपी में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं, जबकि तीसरे भाई अमर सिंह मुजफ्फरपुर में कल्याण पदाधिकारी हैं। सबसे छोटे भाई अमन सिंह सेना में कर्नल के पद पर तैनात हैं। अजय कुमार सिंह के परिवार में उनकी पत्नी और एक अविवाहित पुत्री है। उनके निधन की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
बताया गया कि करीब 15 वर्ष पूर्व एक हादसे में मृतक के पिता एवं पूर्व सैनिक मदन सिंह की भी मृत्यु हो गई थी। अब अजय कुमार सिंह के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार, अजय कुमार सिंह ने देश सेवा में अपना जीवन समर्पित किया और उनके निधन से परिवार के साथ-साथ गांव के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है।
अजय कुमार सिंह का अंतिम संस्कार मांझी घाट पर किया गया। इस दौरान मांझी थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित सेना एवं बीएसएफ के जवानों ने उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। बीएसएफ जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। अंतिम विदाई के दौरान घाट पर मौजूद ग्रामीणों ने भारत माता की जय के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मांझी घाट देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
घटना की जानकारी मृतक के चाचा एवं अधिवक्ता उदय प्रताप सिंह तथा शिक्षक पुरुषोत्तम नारायण सिंह ने दी। ग्रामीणों ने हवलदार अजय कुमार सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर जवान को हमेशा सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया जाएगा।
मांझी बीएसएफ जवान अजय कुमार सिंह, मालदा बीएसएफ कैंप फायरिंग, हवलदार अजय कुमार सिंह मौत, मांझी घाट अंतिम संस्कार, बीएसएफ गार्ड ऑफ ऑनर, सारण समाचार
#मांझी #सारण #BSF #अजयकुमारसिंह #मालदा #बीएसएफजवान #शहीदजवान #अंतिमसंस्कार #गार्डऑफऑनर #भारत_माता_की_जय

