बंद के दौरान हमले में सारण क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष कामेश्वर सिंह घायल, कराना पड़ा हाथ का ऑपरेशन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिला क्षत्रिय समाज के अध्यक्ष सह जदयू के पूर्व महासचिव कामेश्वर सिंह पर शनिवार को बंद के दौरान कथित रूप से असामाजिक तत्वों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी गाड़ी पर ‘क्षत्रिय अध्यक्ष, सारण’ का बोर्ड लगा हुआ था, जिसके कारण उन्हें निशाना बनाया गया। हमले में कामेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए छपरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार को चिकित्सक डॉ. शैलेन्द्र कुमार ने उनके हाथ का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने कामेश्वर सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
वहीं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जिला प्रशासन से घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। जदयू नेता जितेंद्र सिंह ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताते हुए कामेश्वर सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। वहीं, सतेन्द्र सिंह ने भी उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
इस मौके पर रौशन सिंह भवानी, लाल मोहन ओझा, विनोद सिंह सहित दर्जनों सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
कामेश्वर सिंह पर हमला, सारण क्षत्रिय समाज अध्यक्ष, छपरा समाचार, कामेश्वर सिंह ऑपरेशन, जदयू नेता, सारण जिला समाचार, बंद के दौरान हमला, छपरा निजी अस्पताल

