हनुमद प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ संपन्न, वैदिक मंत्रोच्चार व अखंड हरिकीर्तन से भक्तिमय हुआ कंस दियर शिव मंदिर परिसर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: सदर प्रखंड के कंस दियर स्थित शिव मंदिर परिसर में हनुमान मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय हनुमद मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हो गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान हनुमान की आराधना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
यज्ञ की शुरुआत त्रिवेणी से जलभरी के साथ हुई। पूरे आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का वातावरण बना रहा। यह मंदिर स्वर्गीय पूर्व सैनिक सत्यनारायण सिंह की पुण्य स्मृति में उनकी धर्मपत्नी श्रीमती शैल देवी द्वारा बनवाया गया है।
प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ में दिवंगत सैनिक के तीनों पुत्र आर्मी कैप्टन संतोष सिंह, आर्मी हवलदार पवन सिंह तथा सेवानिवृत्त आर्मी सूबेदार कुमार धनंजय सिंह ने पूरे परिवार के साथ भाग लिया और तन, मन एवं धन से आयोजन में सहयोग किया। उन्होंने मूर्ति स्थापना के साथ आमजन के कल्याण और धार्मिक आस्था की मजबूती के लिए विशेष पूजा-अर्चना की।
हनुमान जी की वीरासन मुद्रा में स्थापित प्रतिमा को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखा गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर पूजा-अर्चना की तथा मूर्ति स्थापना के बाद सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
इसी क्रम में शिव मंदिर परिसर में मंगलवार से प्रारंभ हुआ अखंड हरिकीर्तन भी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन धार्मिक आयोजन का संचालन श्री विश्वनाथ सिंह (पूर्व सैनिक), कंस दियर के नेतृत्व में किया गया। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
हनुमद प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ, कंस दियर शिव मंदिर, छपरा समाचार, हनुमान मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, अखंड हरिकीर्तन, सदर प्रखंड छपरा, धार्मिक आयोजन सारण, Hanuman Pran Pratishtha Chhapra

