ट्रांसफार्मर जलने से गांव में बिजली गुल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड के फतेपुर गांव में ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण पिछले कुछ समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली गुल रहने से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। ग्रामीणों ने एकजुट होकर कनीय अभियंता (जेई) को लिखित आवेदन सौंपते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण गांव के कई घरों में अंधेरा पसरा हुआ है। बिजली नहीं रहने से पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। इसके अलावा बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों को रोजमर्रा के कामकाज में भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली के अभाव में रात गुजारना मुश्किल हो गया है।
फतेपुर गांव निवासी विकास कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। बिजली आपूर्ति जल्द बहाल नहीं होने पर समस्या और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।
जेई को आवेदन सौंपने वालों में विकास कुमार यादव, अतुल कुमार यादव, शंकर कुमार यादव, वीरेंद्र शर्मा, सूरज कुमार, राकेश कुमार सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि विभाग ने जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदला और बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, इस संबंध में कनीय अभियंता (जेई) ने बताया कि फतेपुर गांव के ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हो गया है। जल्द ही तकनीकी टीम को भेजकर खराब ट्रांसफार्मर की स्थिति की जांच कराई जाएगी। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।
फतेपुर गांव ट्रांसफार्मर खराब, दारौंदा बिजली समस्या, सीवान बिजली संकट, नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग, ग्रामीणों का प्रदर्शन, बिजली विभाग, दारौंदा समाचार

