कर्मठता और पारदर्शी कार्यशैली के लिए सम्मानित हुए डीईओ धनंजय कुमार पासवान
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: सारण जिला शिक्षा विभाग के निवर्तमान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) एवं वर्तमान जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान के सम्मान में सोमवार को जिला स्कूल सभागार में विदाई-सह-सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। हाल ही में जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी के पद पर योगदान देने के बाद भी सारण शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी तथा नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह की अध्यक्षता क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, सारण प्रमंडल, छपरा संजय कुमार ने की। उन्होंने कहा कि धनंजय कुमार पासवान ने अपने कार्यकाल के दौरान कर्मठता, पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता का उत्कृष्ट परिचय दिया। उनके नेतृत्व में शिक्षा विभाग की कार्य संस्कृति मजबूत हुई तथा विभिन्न योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हुआ। उन्होंने कहा कि श्री पासवान की कार्यशैली अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणादायी रहेगी।
जिला शिक्षा पदाधिकारी निशांत किरण ने कहा कि धनंजय कुमार पासवान का अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सोच विभाग की बड़ी पूंजी रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जमुई में जिला शिक्षा पदाधिकारी के रूप में भी वे अपनी प्रशासनिक क्षमता और अनुभव से शिक्षा व्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा) प्रियंका रानी सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने भी अपने संबोधन में श्री पासवान के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने विभागीय कार्यों के निष्पादन में हमेशा संवेदनशीलता, समन्वय और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी, जिसके कारण कई महत्वपूर्ण योजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरी की जा सकीं।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक नेता समरेंद्र बहादुर सिंह ने किया, जबकि अंत में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के प्रधान लिपिक वीरेंद्र यादव ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। समारोह में शिक्षा विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं शिक्षा कर्मी उपस्थित रहे और श्री पासवान के उज्ज्वल भविष्य तथा नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की कामना की।
धनंजय कुमार पासवान, सारण शिक्षा विभाग, जमुई जिला शिक्षा पदाधिकारी, छपरा समाचार, शिक्षा विभाग सम्मान समारोह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी
Hashtags: #Bihar #Saran #Chhapra #Education #SchoolEducation #Jamui #Government #Administration #Farewell #News

