पंचायत समिति की बैठक में गूंजे बिजली, नल-जल और आंगनबाड़ी के मुद्दे, कई विभागों से मांगा गया स्पष्टीकरण
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड कार्यालय के सभागार में शुक्रवार को पंचायत समिति की बैठक प्रखंड प्रमुख गुड़िया सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कई गंभीर समस्याओं को उठाते हुए अधिकारियों से जवाब मांगा। कई विभागों की कार्यशैली पर असंतोष जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
बैठक में पंचायत समिति सदस्यों ने राजस्व विभाग के 'सरल अभियान' को आम लोगों के लिए और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने की मांग की। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए गए। सदस्यों ने कहा कि बड़ी संख्या में केंद्र अब भी किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं। इस पर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने पूरे प्रखंड में सरकारी भवनों एवं किराये के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण के समय जनप्रतिनिधियों को पूर्व सूचना देने की भी बात रखी गई।
बैठक में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी व्यक्त की गई। लगातार बिजली कटौती, जर्जर एवं टूटे तारों की मरम्मत में लापरवाही तथा नए बिजली कनेक्शन नहीं दिए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। इस दौरान विद्युत विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) के अनुपस्थित रहने पर सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई, जिसके बाद उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की बात कही गई।
पीएचईडी विभाग की समीक्षा के दौरान नल-जल योजना की जर्जर पाइपलाइन, ऑपरेटरों को समय पर मानदेय नहीं मिलने तथा पंचायतों में लगाए गए सोलर लाइट के खराब पड़े रहने की समस्याएं भी प्रमुखता से उठाई गईं। सदस्यों ने इन समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक में अनुपस्थित रहने वाले पशुपालन विभाग, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सिम्पी कुमारी ने दिया।
बैठक में बीडीओ सिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी (सीओ) वेदप्रकाश नारायण, प्रमुख हरेश यादव, मुखिया रामकृष्ण सिंह, निरंजन सिंह, मंसूर अंसारी, नईमुल हक सिद्दीकी, मीरा देवी, लक्ष्मण राम, पप्पू राम, अजय यादव, संजू देवी, बबीता देवी, किरण देवी, सविता देवी, प्रतिमा देवी सहित बड़ी संख्या में पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे।
दारौंदा पंचायत समिति बैठक, सीवान समाचार, बिजली समस्या, नल जल योजना, आंगनबाड़ी केंद्र, टीएचआर वितरण, दारौंदा बीडीओ, पंचायत समिति समाचार, सीवान लेटेस्ट न्यूज

