बिहार के 11 प्रमुख धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के हवाले, हरिहरनाथ मंदिर भी सूची में शामिल
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार सरकार ने राज्य की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। गृह विभाग (विशेष शाखा) द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस अधिनियम, 2021 के तहत राज्य के 11 प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी अब बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) को सौंपी गई है। इस सूची में सारण जिले के गंगा-गंडक संगम तट पर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर, सोनपुर को भी प्रमुख स्थान मिला है।
अधिसूचना के अनुसार इन सभी अधिसूचित स्थलों पर बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के हवलदार पद से नीचे नहीं होने वाले अधिकारी एवं जवान तैनात किए जाएंगे। ड्यूटी के दौरान उन्हें अधिनियम की धारा 7, 8 एवं 9 के तहत प्रदत्त विशेष अधिकारों का प्रयोग करने की अनुमति होगी। सरकार का उद्देश्य इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाते हुए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
गृह विभाग द्वारा जारी सूची में सीतामढ़ी का पुनौराधाम मंदिर एवं बगही धाम, वैशाली का बुद्ध अवशेष स्तूप, सारण का हरिहरनाथ मंदिर (सोनपुर), गया का विष्णुपद मंदिर, पटना साहिब स्थित तख्त श्री हरिमंदिर साहिब, पटना का महावीर मंदिर, राजगीर का विश्व शांति स्तूप, नालंदा विश्वविद्यालय के खंडहर, भागलपुर स्थित विक्रमशिला विश्वविद्यालय के अवशेष तथा सासाराम स्थित शेरशाह का मकबरा शामिल हैं। यह अधिसूचना तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर बिहार ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख आस्था केंद्रों में शामिल है। विशेष रूप से सोनपुर मेले और श्रावणी सहित अन्य धार्मिक अवसरों पर यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में मंदिर की सुरक्षा बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस को सौंपे जाने से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है। सरकार के इस फैसले को राज्य की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हरिहरनाथ मंदिर सोनपुर, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, BSAP, बिहार गृह विभाग, धार्मिक स्थलों की सुरक्षा, हरिहरनाथ मंदिर समाचार, सोनपुर समाचार, बिहार धार्मिक धरोहर, बिहार न्यूज

