अतरसन सीआरसी में कक्षा 4 से 8 तक के शिक्षकों का एफएलएन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण आयोजित
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: बिहार शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों में भाषा एवं गणित विषय की बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को एकमा प्रखंड के अतरसन पंचायत स्थित सीआरसी अतरसन के अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय, अतरसन परिसर में एक दिवसीय एफएलएन उन्मुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में सीआरसी अतरसन के अंतर्गत आने वाले नवसृजित प्राथमिक, प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के नामित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मास्टर ट्रेनर शुचिता कुमारी, सीआरसी समन्वयक रविन्द्र कुमार सिंह, संचालक सह प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद एवं शिक्षक मृत्युंजय कुमार चौबे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान सामूहिक राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति भी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को एफएलएन अभियान के उद्देश्यों और विद्यालय स्तर पर इसके प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शुचिता कुमारी ने एफएलएन अभियान की अवधारणा, उद्देश्य एवं प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने भाषा एवं गणित विषय में विद्यार्थियों की आधारभूत दक्षताओं के आकलन की प्रक्रिया, विभाग की ओर से उपलब्ध कराई गई शिक्षण सामग्री के प्रभावी उपयोग, गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति तथा विद्यार्थियों के अधिगम परिणामों में सुधार लाने की विभिन्न रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की वास्तविक सीखने की स्थिति का आकलन कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप प्रभावी शिक्षण योजना तैयार करना है।
शिक्षक मृत्युंजय कुमार चौबे ने प्रशिक्षण की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक की सक्रिय भागीदारी से ही बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमता को मजबूत किया जा सकता है। वहीं, सीआरसी संचालक सह प्रधानाध्यापक रमेश प्रसाद ने प्रतिभागी शिक्षकों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं तकनीकों को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुए एफएलएन अभियान को सफल बनाने और विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में अपेक्षित सुधार लाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में नरेंद्र कुमार सिंह, चंद्रमणि सिंह, अमितेश कुमार सिंह, कुमारी तनुजा, माया कुमारी, तनु कुमारी, खुशबू कुमारी, दीपक साह, कुमारी लवी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
अतरसन सीआरसी प्रशिक्षण, एकमा एफएलएन प्रशिक्षण, FLN Orientation Training, कक्षा 4 से 8 प्रशिक्षण, अतरसन उच्च माध्यमिक विद्यालय, एकमा शिक्षा समाचार, सारण शिक्षा समाचार, बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान, शिक्षक प्रशिक्षण, बिहार शिक्षा विभाग

