शिव शक्ति धाम में सावन के प्रथम दिन भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते श्रद्धालु
सावन के पहले दिन शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैला
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सावन माह के प्रथम दिन गुरुवार को प्रखंड के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही श्रद्धालु जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। गोबरहीं स्थित शिव शक्ति धाम, बरवां के बाबा सुखारीनाथ मंदिर, मांझी के मधेश्वरनाथ महादेव मंदिर, जैतपुर शिव मंदिर तथा भरवलिया के रामजानकी मंदिर समेत अन्य शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे तथा पूरा इलाका शिवमय बना रहा।
महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी वर्षा तथा क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक व विशेष पूजन भी कराया। मंदिर समितियों ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्था की थी, जिससे दर्शन-पूजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सावन के पहले दिन पूरे प्रखंड में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

