महिला सुरक्षा को मिलेगी नई मजबूती, सुमन कुमारी बनीं सिवान महिला थाना अध्यक्ष
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले में महिला सुरक्षा एवं महिला संबंधी अपराधों के प्रभावी नियंत्रण को लेकर पुलिस प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) सुमन कुमारी को सिवान महिला थाना अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इससे पहले वह दरौंदा थाना में एसआई के पद पर कार्यरत थीं और अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण मामलों के सफल अनुसंधान को लेकर चर्चा में रही हैं।
सुमन कुमारी को पुलिस महकमे में एक कर्तव्यनिष्ठ, सक्रिय और दक्ष अधिकारी के रूप में जाना जाता है। दरौंदा थाना में पदस्थापन के दौरान उन्होंने विभिन्न आपराधिक मामलों के निष्पक्ष, त्वरित एवं प्रभावी अनुसंधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली और मामलों के प्रति गंभीर दृष्टिकोण को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने उन्हें महिला थाना की जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया है।
महिला थाना अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद उनसे महिलाओं से जुड़े मामलों, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा तथा अन्य संवेदनशील शिकायतों के त्वरित निष्पादन की अपेक्षा की जा रही है। माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में महिला थाना की कार्यप्रणाली और अधिक सशक्त एवं प्रभावी होगी, जिससे पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की प्रक्रिया में तेजी आएगी।
पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों ने सुमन कुमारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ महिला थाना को मिलेगा। साथ ही महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में उनके प्रयास महत्वपूर्ण साबित होंगे।

