मुहर्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों ने निकाला फ्लैग मार्च
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर गुरुवार को दरौंदा प्रखंड एवं अंचल प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मौजूदगी में निकाले गए फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च प्रखंड कार्यालय परिसर से शुरू होकर दरौंदा बाजार, पीपरा, करसौत, पिनर्थु खुर्द सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित कर मुहर्रम पर्व को शांति, सद्भाव और आपसी सहयोग के साथ मनाने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई।
फ्लैग मार्च में प्रखंड विकास पदाधिकारी शिम्पी कुमारी, अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी कुमार कार्तिकेय, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सौरभ सुमन, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य मुहर्रम पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा क्षेत्र में सौहार्दपूर्ण माहौल सुनिश्चित करना है।

