पल्स पोलियो अभियान को लेकर एकमा में निकाली गई जागरूकता रैली, 101 टीमें करेंगी घर-घर सर्वे
सारण (बिहार) संवाददाता केके सिंह सेंगर: आगामी 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले विशेष पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से शनिवार को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर से व्यापक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित किया गया।
रैली का नेतृत्व सीएचसी एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. साजन कुमार एवं डॉ. इरफान अहमद ने किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आशा कार्यकर्ताओं ने नगर क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को पोलियो उन्मूलन अभियान के महत्व की जानकारी दी।
रैली में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर, प्रखंड स्वास्थ्य पर्यवेक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, बीसीएम प्रियंका कुमारी, हेल्थ एजुकेटर विनोद चौधरी, लेखपाल ब्रजेश कुमार सिंह, हाउसकीपिंग सुपरवाइजर परवेज अख्तर सहित बड़ी संख्या में एएनएम, स्वास्थ्य कर्मी एवं आशा कार्यकर्ता शामिल हुए।
यह जागरूकता रैली सीएचसी परिसर से निकलकर प्रखंड मुख्यालय, नगर पंचायत एकमा बाजार, ब्लॉक रोड एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। रैली के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने लोगों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दिलाएं ताकि कोई भी बच्चा इस जानलेवा बीमारी के खतरे से प्रभावित न हो।
प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक वाहिद अख्तर ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए 30 सुपरवाइजर एवं 101 टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमों को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने तथा यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि कोई भी बच्चा अभियान से वंचित न रह जाए।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक बच्चे को ‘दो बूंद जिंदगी की’ पिलाई जाएगी। यह दवा बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर और स्थायी विकलांगता उत्पन्न करने वाली बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है।
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पोलियो मुक्त समाज के निर्माण के लिए सभी अभिभावकों की सहभागिता आवश्यक है। विभाग ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथि पर पोलियो की खुराक अवश्य दिलवाएं तथा आसपास के परिवारों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने विश्वास जताया कि जनसहयोग एवं स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान पूरी तरह सफल होगा और पोलियो उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
Pulse Polio Campaign Ekma, Polio Awareness Rally Saran, CHC Ekma News, Dr Sajan Kumar, Dr Irfan Ahmad, Polio Drive Bihar, Ekma Health News, Pulse Polio Abhiyan 2026, Saran Health Department, Two Drops of Life

