₹2.75 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' के तहत गाडरवारा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
नरसिंहपुर (मध्यप्रदेश) संवाददाता राजकुमार दुबे: नरसिंहपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' के तहत गाडरवारा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 27.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 2.75 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी गाडरवारा ललित सिंह डागुर के मार्गदर्शन में थाना गाडरवारा पुलिस ने 24 जून की रात करीब 11:25 बजे श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शेख मजीद (52 वर्ष), पिता शेख हकीम, निवासी नरसिंह वार्ड, करेली को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 27.50 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी स्मैक की आपूर्ति किन-किन लोगों तक करता था और इसके नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक सिंह चौहान के नेतृत्व में उप निरीक्षक गजराज सिंह ठाकुर, वरिष्ठ आरक्षक महेन्द्र बावरिया, रुपेन्द्र चौबे, आरक्षक नंदकिशोर, दिनेश पटेल, नीलेश दुबे, अक्षय श्रीवास्तव, सृजल भार्गव तथा महिला आरक्षक कुमुद पाठक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 'ऑपरेशन ईगल क्लॉ' के तहत जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Gadarwara News, Narsinghpur Police, Smack Seized, Operation Eagle Claw, MP Police News, NDPS Act, Drug Smuggler Arrested, Madhya Pradesh Crime News, Gadarwara Crime, Narsinghpur News

