पंचायत विकास दिवस पर विकास योजनाओं की हुई समीक्षा, महिला हितैषी ग्राम पंचायत पर दिया गया विशेष जोर
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड के रामगढ़ पंचायत अंतर्गत मेंहदार गांव में रविवार को पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, स्थानीय विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ ब्यास सिंह, जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय तथा पंचायत की मुखिया चंदा भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में पंचायत विकास योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ आगामी विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जदयू प्रखंड अध्यक्ष सत्येन्द्र भारती, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष अवधेश यादव, वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी, जीविका दीदियां एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति, प्राप्त राशि, व्यय एवं अवशेष राशि की जानकारी साझा की गई। साथ ही उत्कृष्ट पंचायतों के विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन भी किया गया तथा प्रधानमंत्री 'मन की बात' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उपस्थित लोगों को दिखाया गया।
इस माह के पंचायत विकास दिवस की थीम "महिला हितैषी ग्राम पंचायत" रही। कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, पंचायत स्तर पर उनके सशक्तिकरण तथा विकास योजनाओं में उनकी भूमिका को और मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिला सहभागिता से ही पंचायतों का समग्र एवं संतुलित विकास संभव है।
मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायतें लोकतंत्र की सबसे मजबूत इकाई हैं और सरकार की प्राथमिकता गांवों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं डिजिटल सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास योजनाओं के पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंचायत के विकास कार्यों को और गति देने, ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। आयोजन का समापन पंचायत के समग्र विकास एवं जनभागीदारी को और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
पंचायत विकास दिवस, रामगढ़ पंचायत, सिसवन, सीवान, केदार प्रसाद गुप्ता, विवेक रंजन मैत्रेय, महिला हितैषी ग्राम पंचायत, मन की बात, पंचायत विकास योजना, बिहार समाचार

