मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण संपन्न, ताजिया जुलूस और अखाड़ों ने बढ़ाई रौनक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड क्षेत्र में हजरत इमाम हुसैन की याद में मनाया जाने वाला मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के वातावरण में संपन्न हो गया। शुक्रवार को क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आकर्षक ताजिया जुलूस निकाले गए, जिनमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान पारंपरिक अखाड़ों में युवाओं और खिलाड़ियों ने तलवार, लाठी तथा अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ अपने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों का खूब मनोरंजन किया।
गढ़ बाजार में कई गांवों से पहुंचे ताजियों का मिलान कराया गया, जबकि ताजपुर, मटियार और डूमाईगढ़ के ताजियों का मिलान रनपट्टी अलीपुर में संपन्न हुआ। ताजपुर, अलीपुर, रनपट्टी, मटियार, घोरहट, दाउदपुर और सिसवां समेत कई गांवों में ताजिया भ्रमण के बाद मेलों का आयोजन किया गया। वहीं कोहड़ा बाजार स्थित हाई स्कूल मैदान में कोहड़ा, इनायतपुर, भिखमही और तकियां गांवों के लोग आकर्षक ताजियों के साथ जुलूस में शामिल हुए, जहां भव्य मेले का आयोजन हुआ।
हसन अली बाजार, माली टोला, मियां पट्टी, गुरदाहा और सुघर छपरा के लोगों ने भी जुलूस के साथ गढ़ बाजार पहुंचकर मुहर्रम की परंपराओं का निर्वहन किया। अखाड़ों में युवाओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया। पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए माँझी और दाउदपुर थाना पुलिस के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी पूरी तरह मुस्तैद रहे।

