कड़ी सुरक्षा के बीच निकला मुहर्रम का जुलूस, ढोल-नगाड़ों की गूंज से रातभर गुलजार रहा दारौंदा
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड क्षेत्र में मुहर्रम का अखाड़ा गुरुवार देर रात पारंपरिक उत्साह, धार्मिक आस्था और भाईचारे के माहौल में निकाला गया, जो शुक्रवार सुबह तक शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। पूरी रात क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों में ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई देती रही और लोगों ने मुहर्रम की परंपराओं का उत्साहपूर्वक निर्वहन किया।
अखाड़े में शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में ताजिए शामिल हुए। आकर्षक लाइटिंग, रंग-बिरंगी सजावट और पारंपरिक शिल्पकला से सजे ताजिए लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
मुहर्रम के अखाड़े में युवाओं का उत्साह विशेष रूप से देखने लायक था। पारंपरिक वेशभूषा में शामिल युवक ढोल और नगाड़ों की थाप पर विभिन्न प्रकार के करतब दिखाते हुए आगे बढ़ते रहे। सभी अखाड़े अपने-अपने मोहल्लों से निकलकर शांति वट वृक्ष के समीप बनाए गए प्रशासनिक कैंप तक पहुंचे, जहां निर्धारित क्रम के अनुसार अपने करतबों का प्रदर्शन किया गया तथा सुसज्जित ताजियों की प्रस्तुति दी गई।
जुलूस शांति वट वृक्ष मोड़ से होते हुए नई किला मैदान तक पहुंचा। इसके बाद सभी अखाड़े और ताजिया जुलूस शांतिपूर्वक अपने-अपने निर्धारित मार्गों से वापस गंतव्य की ओर रवाना हो गए। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और सौहार्द का माहौल बना रहा।
मुहर्रम के आयोजन को लेकर दारौंदा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और अलर्ट मोड में नजर आया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और जुलूस मार्गों पर स्थानीय पुलिस बल के साथ अर्द्धसैनिक बलों की भी तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार निगरानी रखी गई, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

