सिवान सदर में बुनियादी ढांचे और जन-सुविधाओं में हुआ ऐतिहासिक सुधार : मंगल पांडेय
सिवान (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं सिवान सदर के विधायक मंगल पांडेय ने दावा किया है कि एनडीए सरकार के नेतृत्व में सिवान सदर विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं जन-सुविधाओं के क्षेत्र में व्यापक सुधार हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य क्षेत्र के लोगों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध कराना है, जिसके लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है।
जारी बयान में उन्होंने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के सभी 45 वार्डों में वैज्ञानिक तरीके से कचरा निस्तारण की व्यवस्था विकसित की गई है। इसके तहत डस्टबिन एवं टिपर वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए शहर को जलजमाव से मुक्त रखने के लिए नालों की साफ-सफाई युद्ध स्तर पर कराई जा रही है। सफाई कार्यों में तेजी लाने के लिए नए ट्रैक्टर एवं जेसीबी मशीनों का भी उपयोग किया जा रहा है।
मंगल पांडेय ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पचरुखी प्रखंड समेत विभिन्न पंचायतों में “आपकी सरकार, आपके द्वार” शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में लोगों की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है, जिससे प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हुआ है।
उन्होंने बताया कि जिले के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सिवान में चीनी मिल स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। उनके अनुसार इस परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा किसानों और युवाओं को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
विधायक ने कहा कि विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा और आने वाले वर्षों में सिवान सदर को राज्य के आदर्श विधानसभा क्षेत्रों में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा।

