11 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना
दारौंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में प्रदर्शन, भुगतान नहीं होने पर कार्य बहिष्कार की चेतावनी
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दारौंदा प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में मंगलवार को आशा कार्यकर्ताओं ने लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शीघ्र भुगतान की मांग उठाई।
धरना दे रही आशा कार्यकर्ताओं का कहना था कि पिछले 11 महीनों से उनके मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को घर-घर तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बाद में आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सौंपा।
आशा प्रखंड अध्यक्ष सुनीला देवी ने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो आशा कार्यकर्ता कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगी।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। मौके पर सुनीला देवी, गुड़िया देवी, सरोज देवी, पूनम देवी, कुसुम देवी, ममता देवी, रीना देवी, उषा देवी, माला देवी, सीमा सिंह, समीना खातून, मीरा देवी, रुबी देवी, बबीता देवी, रीता देवी, श्रीमति देवी एवं अनिता देवी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थीं।

