किसान चौपाल में किसानों को दी गई कृषि योजनाओं की जानकारी
जैविक खेती अपनाने के लिए किया प्रेरित, योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया बताई गई
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा प्रखंड क्षेत्र के भीखाबांध गांव में कृषि विभाग द्वारा कृषि जन कल्याण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर कृषि से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। चौपाल का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड तकनीकी प्रबंधक कविता कुमारी ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का कम से कम उपयोग कर जैविक खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और फसलों की गुणवत्ता में भी सुधार होता है।
चौपाल के दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी किसानों को दी गई। अधिकारियों ने किसानों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया, आवेदन संबंधी आवश्यक दस्तावेज तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में भी जागरूक किया।
कार्यक्रम में मालती देवी, रामवती कुंवर, किसान बलराम कुमार, संदीप कुमार सहित अनेक ग्रामीण, किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। किसानों ने कृषि विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करने की मांग की।
Kisan Chaupal, Krishi Jan Kalyan Chaupal, Siwan News, Daraunda News, Agriculture Department Bihar, Organic Farming, Kavita Kumari, Kisan Yojana, Agricultural Technology, Government Agriculture Scheme, Bhikhabandh Village, Farmer Awareness Program

