ग्रामीण सड़क बनी नाला, कीचड़ और गंदे पानी से ग्रामीण बेहाल
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले के दारौंदा प्रखंड अंतर्गत जलालपुर गांव में जल निकासी की गंभीर समस्या के कारण ग्रामीणों का जीवन मुश्किलों से घिर गया है। गांव की मुख्य सड़क कीचड़ और गंदे पानी से भरकर नाले में तब्दील हो चुकी है, जिससे लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो गई है तथा ग्रामीणों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से नाला निर्माण नहीं होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बह रहा है। दारौंदा से जलालपुर जाने वाली सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार जलालपुर गांव में करीब 300 से अधिक घर हैं और हर वर्ष बरसात में यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार मुखिया और स्थानीय विधायक को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिला है। नाला निर्माण और सड़क की मरम्मत नहीं होने से लोगों में जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द नाला निर्माण और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो गांव में आवागमन पूरी तरह बाधित हो सकता है।
Jalalpur Road Problem, Darauda News, Siwan News, Waterlogging in Jalalpur, Drainage Problem Bihar, Jalalpur Village Road, Bihar Rural News, Darauda Jal Nikasi Problem

