सिरसांव के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पलटी, दो युवक गंभीर घायल
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले के दरौंदा प्रखंड मुख्य सड़क पर सिरसांव गांव के समीप सड़क दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दारौंदा में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों युवक बाइक से महाराजगंज की ओर से दरौंदा आ रहे थे। इसी दौरान सिरसांव गांव के समीप मोड़ पर पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पलट गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दारौंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर लगातार तेज गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के ग्रामीणों से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है तथा मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है।
Darauda Road Accident, Sirsav Accident News, Siwan News, Bike Accident Bihar, Darauda News, Road Accident Siwan, Bihar Accident News, Maharajganj Darauda Road

