जनता दरबार में 17 में से 11 भूमि विवादों का ऑन द स्पॉट निष्पादन, 6 मामलों में नोटिस जारी
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: सिवान जिले के दारौंदा प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में भूमि संबंधी मामलों की सुनवाई की गई। जनता दरबार में कुल 17 मामलों को प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 11 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि शेष 6 मामलों में संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर अगली तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया।
जनता दरबार की अध्यक्षता अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण एवं दारौंदा थाना अध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों में दोनों पक्षों की बात गंभीरता से सुनी गई तथा उपलब्ध दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच कर निष्पक्ष समाधान निकालने का प्रयास किया गया।
अंचलाधिकारी वेदप्रकाश नारायण ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण समाधान करना है ताकि आम लोगों को न्याय के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन हो और नए मामलों पर भी शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार के दौरान लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। मौके पर उपस्थित राजस्व कर्मियों एवं संबंधित अधिकारियों ने अभिलेखों का मिलान कर कई मामलों में समझौता एवं समाधान कराया। वहीं जिन मामलों में अतिरिक्त जांच अथवा दोनों पक्षों की उपस्थिति आवश्यक थी, उनमें नोटिस जारी किया गया।
इस अवसर पर डीईओ ब्रजेश राज, संबंधित फरियादी, राजस्व कर्मचारी तथा अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Daraunda News, Siwan News, Land Dispute, Janta Darbar, Daraunda CO, Bihar News, भूमि विवाद समाधान, सिवान समाचार, दारौंदा थाना

