लू लगने से राहगीर की अकस्मात मौत, क्षेत्र में शोक
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी-एकमा मुख्य मार्ग पर नरपलिया बाजार के समीप मंगलवार दोपहर एक दुखद घटना में एक राहगीर की कथित रूप से लू लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान नरपलिया गांव निवासी धनपत महतो (50 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भीषण गर्मी के बीच वह सड़क किनारे अचानक गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उनकी मदद का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने घर ले गए। बाद में अंतिम संस्कार की तैयारी की गई।
धनपत महतो की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है।

