चार साल बाद बरामद हुआ चावल लदा ट्रक, दरौंदा पुलिस को बड़ी सफलता
सिवान (बिहार) संवाददाता बिट्टू यादव: दरौंदा थाना पुलिस ने वर्ष 2022 के बहुचर्चित चावल लदा ट्रक गायब होने के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार वर्ष बाद ट्रक को बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई कांड संख्या 323/22 के तहत की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में दरौंदा थाना क्षेत्र के रगड़गंज से चावल लदा ट्रक चालक एवं ट्रक मालिक द्वारा कथित रूप से गायब कर दिया गया था। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार ट्रक की तलाश में जुटी हुई थी।
मामले के अनुसंधानकर्ता (आईओ) सह अवर निरीक्षक (एसआई) सुनील कुमार ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से उक्त ट्रक को बरामद किया। बरामदगी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ट्रक को दरौंदा थाना लाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है तथा संबंधित आरोपितों की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है। ट्रक की बरामदगी को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित मामले में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सफलता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।

