शादी समारोह में विवाद बना खूनी संघर्ष, चाकूबाजी में युवक की मौत के बाद सड़क जाम
सिवान (बिहार): चैनपुर थाना क्षेत्र के नगई गांव में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के बाद चाकूबाजी में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर निवासी ओमप्रकाश गोंड के पुत्र मनीष कुमार गोंड के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि लक्ष्मीपुर गांव से बारात नगई गांव आई थी। शादी समारोह के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान एक युवक ने मनीष कुमार गोंड पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मनीष को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों एवं ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने चैनपुर अंबेडकर चौक पर सिसवन-सिवान एवं चैनपुर-छपरा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण दोनों मार्गों पर घंटों तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिसवन, चैनपुर, रघुनाथपुर, हसनपुरा एवं आंदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी एवं एनकाउंटर की मांग कर रहे थे। काफी समझाने-बुझाने एवं कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

