आज एसएसपी ने स्वयं चलाया सघन वाहन जांच अभियान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा रविवार को रसूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रसूलपुर चौक का निरीक्षण किया गया। इस दौरान क्षेत्र में सघन वाहन जांच एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतर्कता बनाए रखने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा विधि-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वाहन जांच अभियान के दौरान दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस द्वारा हेलमेट, वाहन के आवश्यक कागजात तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। साथ ही आम लोगों से यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
सारण पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए नियमित निगरानी जारी रहेगी।

