शतचण्डी महायज्ञ को लेकर निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय माहौल से गूंजा क्षेत्र
सिवान (बिहार): सिसवन प्रखंड क्षेत्र के निरखापुर-साईपुर नवका टोला तीन मुहानी स्थित हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित श्री शतचण्डी महायज्ञ को लेकर सोमवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष एवं युवतियों ने भाग लिया। पूरे क्षेत्र में शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण गांव पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।
कलश यात्रा हनुमान मंदिर परिसर से शुरू होकर साईपुर, चटया होते हुए जई छपरा स्थित सरयू नदी घाट पहुंची। वहां आचार्यों द्वारा वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। श्रद्धालु महिलाओं ने सरयू नदी से पवित्र जल भरकर कलश में स्थापित किया। इसके बाद श्रद्धालु जयकारों के साथ पुनः यज्ञ स्थल पहुंचे, जहां विधिवत कलश स्थापना की गई।
महायज्ञ को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजकों ने बताया कि इस धार्मिक अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना करना है।
महायज्ञ के यज्ञ-यजमान हरदीया मिश्रा, मिथिलेश कुमार मिश्रा एवं अराधना मिश्रा हैं। यज्ञाध्यक्ष के रूप में रामनारायण दास महाराज श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं यज्ञाचार्य बसंत कुमार मिश्रा उर्फ दिलदार बाबा वैदिक विधि से अनुष्ठान का संचालन कर रहे हैं। कथा वाचन की जिम्मेदारी प्रसिद्ध कथावाचक अरविन्द द्विवेदी निभाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार 19 मई को मंडप पूजन, 20 मई को पूजन एवं आरती, 21 मई को अरणी मंथन तथा 22 मई से 25 मई तक पूजन एवं स्वाहाकार कार्यक्रम आयोजित होंगे। 26 मई को हवन, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ महायज्ञ का समापन किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक कथा-प्रवचन का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

