बिजली उपभोक्ताओं के लिए जरूरी सूचना: 20 से 22 मई तक ऑनलाइन सेवाएं रहेंगी बंद
पटना (बिहार): बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) एवं साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (SBPDCL) द्वारा नए बिलिंग सॉफ्टवेयर में माइग्रेशन कार्य किए जाने के कारण 20 मई 2026 की शाम 7 बजे से 22 मई 2026 की सुबह 8 बजे तक सभी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रहेंगी।
कंपनी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उपभोक्ताओं को बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह तकनीकी अपग्रेडेशन किया जा रहा है। इस दौरान बिजली बिल भुगतान, स्मार्ट प्रीपेड रिचार्ज, नया विद्युत कनेक्शन, लोड एवं नाम परिवर्तन, बिल सुधार सहित अन्य ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी।
बिजली कंपनियों ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले ही आवश्यक बिजली बिल भुगतान एवं स्मार्ट प्रीपेड रिचार्ज कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। कंपनी ने यह भी कहा है कि माइग्रेशन कार्य पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक तेज, सुरक्षित एवं आधुनिक डिजिटल सेवाओं का लाभ मिलेगा। अस्थायी असुविधा के लिए कंपनियों ने खेद व्यक्त करते हुए उपभोक्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की है।

