रौशन कुमार के परिजनों से मिले राणा प्रताप सिंह, SDRF टीम तैनाती की उठाई मांग
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी राणा प्रताप सिंह उर्फ डब्लू सिंह ने नगर पंचायत के दुर्गापुर गांव पहुंचकर सरयू नदी में डूबने से मृत रौशन कुमार के परिजनों से मुलाकात की तथा उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व प्रत्याशी राणा प्रताप सिंह ने बताया कि इस मामले को लेकर वे प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं एवं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष पीड़ित परिवार के लिए समुचित सहायता एवं सरकारी सहयोग की मांग उठाएंगे। उन्होंने कहा कि नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
मृतक रौशन कुमार के पिता प्रेम सिंह ने घटना की दर्दभरी कहानी सुनाई, जिसे सुनकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो गए। परिजनों ने बताया कि अचानक हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
राणा प्रताप सिंह ने कहा कि वे पहले भी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलकर माँझी क्षेत्र में SDRF टीम की स्थायी तैनाती की मांग कर चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही माँझी के प्रसिद्ध रामघाट सहित संवेदनशील नदी घाटों पर SDRF टीम की नियुक्ति की जाएगी, जिससे आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संभव हो सके।
इस मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे तथा नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की।
#Manjhi #Saran #Chapra #BiharNews #RanaPratapSingh #SDRF #SaryuRiver #Durgapur #LocalNews #FloodSafety #BiharPolitics #RiverAccident

