रील बनाने के दौरान सरयू नदी में डूबने लगा युवक, स्थानीय युवकों ने बचाई जान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सोशल मीडिया पर वायरल होने के उद्देश्य से रील बनाते समय सरयू नदी में डूब रहे एक युवक को मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत कर सकुशल बाहर निकाल लिया। घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने राहत की सांस ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दर्जन भर महिला एवं पुरुष रिश्तेदारों के साथ रामघाट पहुंचे युवक ने वीडियो शूट करने के दौरान अटल घाट से सरयू नदी में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के कुछ ही देर बाद वह गहरे पानी में डूबने लगा। यह दृश्य देखकर वीडियो बना रहे उसके मित्र ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे मांझी के चैनपुर निवासी रंजीत कुमार यादव तथा बहोरन सिंह के टोला निवासी लक्ष्मण राम ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए नदी में छलांग लगा दी। दोनों युवकों ने काफी मशक्कत के बाद डूब रहे युवक को गहरे पानी से बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों ने दोनों युवकों की बहादुरी की सराहना की।
बताया जाता है कि नदी में डूब रहा युवक सिवान जिले के तरवारा का निवासी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा खतरनाक तरीके से रील बनाने वालों पर निगरानी रखने की मांग की है।

