केंद्रीय एक्सपर्ट टीम ने परखी सारण की स्वास्थ्य व्यवस्था, सदर अस्पताल व मासूमगंज UPHC का किया निरीक्षण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी स्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा के लिए केंद्रीय एक्सपर्ट एडवाइजरी ग्रुप की छह सदस्यीय टीम तीन दिवसीय दौरे पर सारण पहुंची। दौरे के पहले दिन टीम ने सदर अस्पताल छपरा एवं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मासूमगंज का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही सेवाओं तथा संचालित योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
सदर अस्पताल पहुंची टीम ने सबसे पहले एमसीएच वार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रजिस्ट्रेशन काउंटर, दवा वितरण केंद्र, कमांड एंड कंट्रोल रूम, एसएनसीयू, प्रसव कक्ष एवं टीकाकरण कक्ष की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया। टीम ने कालाजार एवं फाइलेरिया मरीजों की लाइन लिस्ट, एमएमडीपी क्लिनिक तथा एमएमडीपी किट की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की भी विस्तार से जांच की।
निरीक्षण के दौरान एक्सपर्ट टीम की लीडर डॉ. सुनीता सिंह के साथ दिशा अग्रवाल, माणिक रेलान, मौनमी महंता, पिरामल फाउंडेशन के स्टेट डेलिगेशन से शरद चतुर्वेदी, शारदा झा एवं प्रीति कुमारी मौजूद रहीं। टीम ने स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन की जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद टीम ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मासूमगंज का निरीक्षण कर वहां संचालित स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण व्यवस्था, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध संसाधनों एवं सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।
तीन दिवसीय दौरे के दौरान एक्सपर्ट टीम जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण करेगी। दूसरे दिन टीम अनुमंडलीय अस्पताल सोनपुर, आयुष्मान आरोग्य मंदिर शाहपुर तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर चल रहे टीकाकरण कार्यों का निरीक्षण करेगी। वहीं तीसरे दिन अमनौर सीएचसी एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर सितलपुरडीह, दिघवारा का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा टीम बस्ती जलाल गांव में आशा कार्यकर्ताओं, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं जनप्रतिनिधियों के साथ फाइलेरिया पीड़ित मरीजों से मुलाकात करेगी। साथ ही कालाजार एवं फाइलेरिया रोगियों को उपलब्ध इलाज, दवा एवं अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की भी विस्तृत पड़ताल करेगी। टीम के इस दौरे को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस मौके पर डॉ. उपाधीक्षक कृष्ण मोहन दुबे, अस्पताल प्रबंधक राजेश्वर प्रसाद, वीबीडीसी सुधीर कुमार, लेखपाल बंटी कुमार रजक, डिस्ट्रिक्ट अकाउंट ऑफिसर संदीप ओझा, डीसीएम बिजेंद्र कुमार सिंह, डीएमएंडईओ ब्रजेश कुमार, पिरामल डिस्ट्रिक्ट मैनेजर दिलीप मिश्रा, पिरामल से डिस्ट्रिक्ट लीड्स पीयूष सिंह, राकेश कुमार, चंदन प्रसाद, पंकज शर्मा तथा पीएसआई इंडिया से मुरलीधर और सुबोध पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे।

