सारण: बंद पड़ी नहरों को चालू कराने की उठी मांग, किसानों में बढ़ा आक्रोश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के बांगरा गांव निवासी समाजसेवी रणविजय सिंह ने महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं माँझी विधानसभा क्षेत्र के विधायक रणधीर सिंह को अलग-अलग आवेदन देकर भड़वलिया माईनर एवं सुभादरा माईनर नहर को शीघ्र चालू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोनों नहरें काफी दिनों से बंद पड़ी हुई हैं, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों गांवों के किसानों को खेती करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
समाजसेवी रणविजय सिंह ने अपने आवेदन में बताया कि धान रोपनी का समय नजदीक है, लेकिन नहरों में पानी नहीं रहने से किसानों के सामने सिंचाई की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। खेतों तक पानी नहीं पहुंचने के कारण किसानों में काफी आक्रोश व्याप्त है और वे प्रशासन से जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
उन्होंने सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल एवं विधायक रणधीर सिंह से आग्रह किया है कि किसानों की समस्या को देखते हुए भड़वलिया माईनर एवं सुभादरा माईनर को अविलंब चालू कराया जाए, ताकि समय पर खेतों की सिंचाई हो सके और किसान धान की रोपनी सुचारु रूप से कर सकें।
इस मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि जनप्रतिनिधियों के पहल से जल्द ही नहरों में पानी छोड़ा जाएगा और खेती-किसानी की समस्या का समाधान होगा।

