शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने मचाई तबाही, चार झोपड़ियां जलकर राख, अनाज पानी, टीबी पंखा सब हुआ स्वाहा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड अंतर्गत चेफुल गांव के वार्ड संख्या 14 में शनिवार की देर शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में इसराइल नट की चार झोपड़ियां व दो बकरियां भी जलकर राख हो गईं। आग लगने से घर में रखे हजारों रुपये मूल्य के सामान भी जलकर नष्ट हो गए, जिससे पीड़ित परिवार के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
गृहस्वामी इसराइल नट ने बताया कि अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निकांड में दो बकरियों सहित घर में रखा टीवी, पंखा, चौकी, कपड़े, बक्सा, घर एवं जमीन के जरूरी कागजात, गेहूं, चावल समेत कुछ गहने भी जलकर राख हो गए।
आग की तेज लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया और किसी तरह आग को फैलने से रोका। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
इस अग्निकांड में हजारों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने अंचलाधिकारी से तत्काल सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

