मांझी में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज, सीओ ने दी सख्त चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी प्रखंड मुख्यालय के समीप अंचलाधिकारी सौरभ कुमार की देखरेख में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
अंचलाधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकान लगाने के कारण आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए प्रशासन द्वारा सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है।
सीओ ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि सभी लोग स्वेच्छा से सड़क किनारे से अपनी दुकानें हटा लें, अन्यथा प्रशासन की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई की पूर्व सूचना पहले ही संबंधित लोगों को दे दी गई थी।
वहीं मौके पर मौजूद कई दुकानदारों ने अपनी परेशानी व्यक्त करते हुए कहा कि वे दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। अचानक अतिक्रमण हटने से उनके सामने रोजगार और आजीविका की समस्या उत्पन्न हो गई है। अभियान के दौरान सैकड़ों दुकानदार एवं स्थानीय लोग मौके पर मौजूद रहे।

