बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित सिताब दियारा का जिलाधिकारी और एसएसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
संभावित बाढ़ को लेकर सारण प्रशासन हाई अलर्ट पर
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की विभीषिका से निपटने के लिए सारण जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क और अलर्ट मोड में है। जिसको लेकर सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सारण विनीत कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से लोक नायक जय प्रकाश नारायण की जन्म स्थली सह रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत बाढ़ प्रभावित क्षेत्र सिताब दियारा का विस्तृत रूप से स्थलीय निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कटाव निरोधी कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षात्मक उपायों को समय से पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया है।
सामग्रियों का तत्काल भंडारण अविलंब किया जाए और जल स्तर पर रखी जाए 24/7 निगरानी
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को कड़ा निर्देश देते हुए कहा है कि कल से ही पर्याप्त संख्या में कटाव निरोधक सामग्रियों (जैसे- जियो बैग, बालू की बोरियां, क्रेट आदि) का भंडारण सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। वहीं नदी के जल स्तर में होने वाले उतार- चढ़ाव पर चौबीसों घंटे (नियमित रूप से) पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।
उत्तर प्रदेश प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय
बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित सिताबदियारा की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए सारण के जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सदर अनुमंडल पदाधिकारी नितेश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राम पुकार सिंह को निर्देश दिया कि वह तत्काल उत्तर प्रदेश प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक करें। क्योंकि बाढ़ और कटाव एक साझा चुनौती है। उत्तर प्रदेश प्रशासन के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर संयुक्त रूप से और मजबूती के साथ कटाव निरोधक कार्य कराया जाएगा, ताकि आमजन को सुरक्षित रखा जा सके।
वहीं इस अवसर पर सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने भी स्थानीय पुलिस अधिकारियों को बाढ़ के दौरान कानून व्यवस्था, राहत शिविरों की सुरक्षा को लेकर पूर्व से तैयारी रखने का निर्देश दिया है। क्योंकि सारण जिला और पुलिस प्रशासन बाढ़ से जान- माल की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सभी प्रकार के3 संवेदनशील बिन्दुओं पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

