ताजपुर दहा नदी पुल की जर्जर स्थिति पर डीएम-एसएसपी ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी-सिसवन मुख्य मार्ग पर दहा नदी स्थित वर्ष 2010 में निर्मित पुल की जर्जर स्थिति का जायजा लेने शुक्रवार को सारण के जिलाधिकारी वैभव कुमार, एसएसपी विनीत कुमार तथा छपरा सदर एसडीओ नितेश कुमार तकनीकी विशेषज्ञों की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन किया तथा स्थानीय लोगों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
निरीक्षण के दौरान आसपास के दर्जनों गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन के समक्ष अपनी नाराजगी व्यक्त की। लोगों का कहना था कि पुल की खराब स्थिति के कारण आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे छात्रों, मरीजों एवं आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 24 घंटे के भीतर पुल पर आवागमन चालू नहीं कराया गया तो वे बाध्य होकर सारण समाहरणालय का घेराव करेंगे। लोगों ने जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था अथवा पुल की मरम्मत कर यातायात बहाल करने की मांग की।
मौके पर पैक्स अध्यक्ष संत सिंह, उप प्रमुख मनोज सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि जय प्रकाश महतो, जदयू नेता सुशील सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
#Manjhi #Siswan #Saran #Bridge #DM #SSP #BiharNews #RoadSafety #PublicProtest #ChapraNews

