बेगूसराय में निगरानी ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते परिवहन कार्यालय का लिपिक और दलाल गिरफ्तार
बेगूसराय (बिहार): भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार की कार्रवाई में बड़ी सफलता मिली है। ब्यूरो की टीम ने जिला परिवहन कार्यालय, बेगूसराय में कार्यरत लिपिक संजय कुमार एवं दलाल शिवानंद झा को 6 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, परिवादी सत्यम कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वाहन हस्तांतरण कराने के एवज में जिला परिवहन कार्यालय के लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोप सही पाए जाने के बाद निगरानी थाना कांड संख्या 063/26 दर्ज कर कार्रवाई की गई।
इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रंजीत कुमार निराला के नेतृत्व में गठित विशेष धावादल ने शुक्रवार को जाल बिछाकर कार्रवाई की। टीम ने लिपिक संजय कुमार को उनके कार्यालय कक्ष से तथा दलाल शिवानंद झा को व्यवहार न्यायालय, बेगूसराय के दक्षिणी गेट के सामने स्थित सड़क से रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के बाद उन्हें माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।
ब्यूरो के अनुसार वर्ष 2026 में भ्रष्टाचार के विरुद्ध यह 63वीं प्राथमिकी दर्ज की गई है। इनमें ट्रैप संबंधी 58 मामलों में अब तक 57 अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही कुल 24 लाख 09 हजार 300 रुपये रिश्वत राशि बरामद की गई है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी पदाधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो उसकी सूचना तत्काल निगरानी ब्यूरो को दें, ताकि भ्रष्टाचार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
#Begusarai #VigilanceBureau #Bribery #Corruption #BiharNews #TransportOffice #TrapCase #BiharPolice #BreakingNews #AntiCorruption

