महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और कानूनी सशक्तिकरण को लेकर किया गया जागरूक
महिलाओं की सुरक्षा और अधिकार दिलाना इसका मुख्य के उद्देश्य: डीएमसी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जागृति योजना- 2025 के तहत “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान को लेकर समेकित बाल विकास परियोजना एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के संयुक्त तत्वावधान में रिविलगंज प्रखंड के मुकड़ेरा पंचायत अंतर्गत औली गांव स्थित विद्यालय परिसर में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, किशोरियों एवं ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और अधिकारों से संबंधित जानकारियां लेकर दूसरे को भी जागरूक करने के लिए शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान सारण जिला समाहरणालय परिसर स्थित हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन की जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) निभा कुमारी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महिला विकास निगम, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के अंतर्गत संचालित यह पहल महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन के माध्यम से महिलाओं को एक सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने का कार्य किया जाता है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ- साथ उन्हें स्वरोजगार, कौशल विकास प्रशिक्षण एवं वित्तीय साक्षरता से जोड़ने पर विशेष बल दिया जा रहा है, ताकि महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकें। इसके अतिरिक्त महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें कानूनी सलाह, पुलिस सहायता तथा महिला हेल्पलाइन सेवाओं से भी जोड़ा जा रहा है। शिविर में उपस्थित महिलाओं को घरेलू हिंसा, बाल विवाह, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध एवं बाल संरक्षण से संबंधित कानूनों की जानकारी भी दी गई। क्योंकि समाज में महिलाओं की भागीदारी और जागरूकता बढ़ने से ही सुरक्षित और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम के अंत में महिलाओं एवं किशोरियों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभागों एवं हेल्पलाइन की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर मिशन शक्ति की जिला मिशन समन्वयक (डीएमसी) निभा कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ सुजाता श्री, वन स्टॉप सेंटर की मनोवैज्ञानिक परामर्शी संगीता कुमारी, उक्त पंचायत के मुखिया मनोज कुमार महतों, जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डलसा) के पैनल अधिवक्ता बेदर बख्त और आनंद कुमार, उक्त विद्यालय के प्राचार्य विनय कुमार दूबे, शिक्षक और शिक्षिकाएं सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
#WomenEmpowerment #Saran #Chapra #Revelganj #MissionShakti #AwarenessCamp #WomenSafety #LegalAwareness #BiharNews #ChildProtection

