युवा शिक्षाविद् प्रकाश प्रियांशु नेपाल में होंगे सम्मानित, भोजपुरी लोकगीतों पर शोध को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
कोलकाता (पश्चिम बंगाल): कोलकाता के युवा शिक्षाविद् एवं शोधकर्ता प्रकाश प्रियांशु को नेपाल में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में “आचार्य गौरी शंकर पाण्डेय अंतर्राष्ट्रीय वांग्मय सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान नेपाल भोजपुरी फाउंडेशन द्वारा 24 मई 2026 को आयोजित एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष विजय किशोर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में भारत सहित विभिन्न देशों के साहित्यकार, शिक्षाविद्, शोधकर्ता एवं कला-संस्कृति से जुड़े विद्वान भाग लेंगे। समारोह में भोजपुरी भाषा, साहित्य और लोकसंस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विद्वानों को सम्मानित किया जाएगा।
भोजपुरी लोकगीतों पर गंभीर शोधकार्य और सामाजिक जागरूकता के लिए किए गए प्रयासों को देखते हुए प्रकाश प्रियांशु को यह प्रतिष्ठित सम्मान देने का निर्णय लिया गया है। संस्था के संयोजकों ने कहा कि बाजारवादी दौर में भोजपुरी लोकगीतों की मूल संस्कृति और संवेदनाओं को बचाने की दिशा में उनका कार्य सराहनीय है।
समारोह में फिल्म निर्देशक राश बिहारी गिरि, अशोक कुमार पांडे और शिवशंकर सिंह को भी “आचार्य गौरी शंकर पाण्डेय स्मृति सम्मान 2026” से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि पर साहित्य एवं शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने प्रकाश प्रियांशु को बधाई देते हुए इसे भोजपुरी भाषा और संस्कृति के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

