एकमा में नाबालिग से दुष्कर्म मामले में DIG ने किया घटना स्थल का निरीक्षण, SIT गठित, एक निरुद्ध
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा थाना क्षेत्र में नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म के मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने मामले में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 10 मई 2026 की रात्रि में पीड़िता के परिजनों द्वारा एकमा थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर कांड दर्ज कर सुसंगत धाराओं के तहत अनुसंधान शुरू किया गया। आवेदन में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना का आरोप लगाया गया है। मामले में कुल तीन अभियुक्तों की पहचान की गई है।
घटना की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। उनके निर्देश पर सदर-2 एसडीपीओ राजकुमार के नेतृत्व में SIT का गठन कर जांच की जा रही है। वहीं एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए हैं तथा पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है।
बताया जाता है कि एकमा थाना क्षेत्र के भोरहोपुर के समीप स्थित चंवर में यह घटना हुई। घटना के बाद पुलिस लगातार कैंप कर जांच में जुटी हुई है। सारण प्रक्षेत्र के डीआईजी निलेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से अनुसंधान किया जा रहा है तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
सारण पुलिस ने कहा है कि मामले में निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से पीड़िता की गोपनीयता और सम्मान बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई है।

